Fatehabad: पुलिस ने ढूंढ निकाले गुम मोबाइल, खुशी से झूमे मालिक

Update: 2025-07-21 13:23 GMT

फतेहाबाद: फतेहाबाद पुलिस के साइबर सेल ने एक बार फिर तकनीकी दक्षता, त्वरित कार्रवाई और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। गुम हुए मोबाइल फोनों को खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाना न केवल तकनीकी सफलता का प्रतीक है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और भरोसे को और अधिक सुदृढ़ करने वाला कदम भी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के पदभार ग्रहण करने के बाद से अब तक 130 गुमशुदा मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये है, उनके असली मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान 13 स्मार्टफोन, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 9 लाख है, संबंधित मालिकों को विधिसम्मत रूप से सौंपे गए।

साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्राप्त शिकायतों और संबंधित आईएमईआई नंबरों के आधार पर तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए मोबाइल फोन ट्रेस किए। लोकेशन की पुष्टि होने पर संबंधित नागरिकों से संपर्क कर नियमानुसार प्रक्रिया के तहत मोबाइल लौटाए गए। एसपी सिद्धांत जैन ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापिस पाकर नागरिकों के चेहरों पर संतोष, आभार और विश्वास की स्पष्ट झलक देखने को मिली। मोबाइल प्राप्त करने वाले नागरिकों में अभिषेक निवासी नोखा, बीकानेर (राजस्थान), बिंदर सिंह निवासी मौला पट्टी, संगरूर पंजाब, दलवीर निवासी गांव जांडवाला सोत्तर, सुरेश सनियाना, प्रवीण कुमार हिसार, जगजीत सिंह टोहाना, अनिल कुमार निवासी वार्ड 10, फतेहाबाद, गुरबचन सिंह हिजरावां कलां, जसवीर कुमार दरियापुर, जयवीर गोरखपुर, मनजीत सिंह महमड़ा, हरप्रीत सिंह सरदारेवाला तथा शैलेंद्र निवासी- सेक्टर-14, चंडीगढ़ शामिल हैं।

एसपी जैन ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हर शिकायत को पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और गंभीरता से निपटाया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि फतेहाबाद पुलिस साइबर अपराध, डिजिटल धोखाधड़ी और मोबाइल गुमशुदगी जैसे मामलों के समाधान हेतु अपनी तकनीकी क्षमताओं को लगातार उन्नत कर रही है।

Tags:    

Similar News