Fatehabad: फतेहाबाद कार्यक्रम में भारत की ताकत पर जोर
भारत की वैश्विक पहचान मजबूत: मिढ्ढा
फतेहाबाद: दुनिया में भारत बड़ी ताकत बन रहा है, इसका श्रेय हमारे राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों व वैज्ञानिकों द्वारा की गई कड़ी मेहनत को जाता है। यह बात हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ्ढा ने कही। डॉ मिढ्ढा सोमवार को फतेहाबाद में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
डॉ.कृष्ण मिढ्ढा ने तिरंगा फहरा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इससे पहले डॉ.मिढ्ढा ने शहीदी स्मारक पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी प्रगति कर रहा है। आज देश ने मिसाइलें ही नहीं बनाई, बल्कि चंद्रयान, सूर्य-यान व मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए हैं। भारत चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।
हरियाणा ने भी प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊंचाइयों को छुआ है। हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने कार्यवाहक डीसी अनुराग ढालिया और एसपी सिद्धांत जैन के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस के जवानों, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट्स की सलामी ली। इसके बाद अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने पीटी शो, डंबल शो व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उल्लेखनीय कार्य करने वाले सरकारी विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डॉ.मिढ्ढा रविवार शाम को ही फतेहाबाद पहुंच गए थे।