Farrukhabad: होलिका दहन की तैयारी अंतिम चरण में

Update: 2026-03-03 08:45 GMT

फर्रुखाबाद: होली पर्व को लेकर जनपद में उत्साह चरम पर है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक होलिका दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न मोहल्लों और गांवों में लकड़ी, उपले और पूजन सामग्री एकत्र कर ली गई है। प्रशासन की ओर से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपद के कई प्रमुख स्थानों पर आज होलिका दहन किया जाएगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस वर्ष चंद्र ग्रहण पूर्ण होने के बाद ही होलिका दहन का शुभ मुहूर्त माना गया है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार ग्रहण समाप्ति के उपरांत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका प्रज्ज्वलित की जाएगी।

शहर के मोहल्ला घुमना, लाल दरवाजा, आवास विकास, रेलवे रोड सहित कई स्थानों पर समितियों ने व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ होलिका दहन की तैयारी की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन सतर्क है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है। लोग परंपरा के अनुसार नई फसल की बालियां अग्नि में अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। इसके बाद कल रंगोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

जनपदवासियों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों में रंग-गुलाल और पिचकारियों की खरीदारी भी तेज हो गई है। प्रशासन ने लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।

Tags:    

Similar News