Farrukhabad: गोली लगने से घायल कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

चार साथी फरार

Update: 2025-06-16 04:52 GMT

फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात सशस्त्र अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। यह जानकारी शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात कंपिल थानाध्यक्ष विश्वनाथ आर्य, एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर भैसरी गांव के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां पहुंचे पांच बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं।

मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए बदमाश की पहचान कायमगंज कोतवाली के ममपुर गांव निवासी रॉकी के रूप में हुई है। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, जिंदा और खाली कारतूस, साथ ही कुछ नकदी बरामद की गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पकड़े गए बदमाश से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

Tags:    

Similar News