फर्रुखाबाद: जिले के पांचाल घाट पर गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। आज शनिवार शाम 4:00 बजे गंगा का जलस्तर 136.00 मीटर दर्ज किया गया, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। जानकारी के अनुसार, नरौरा बैराज से आज शाम ठीक 4 बजे 86,603 क्यूसेक जल प्रवाह छोड़ा गया है। इस जल प्रवाह के चलते अगले कुछ घंटों में गंगा के जलस्तर में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने इस संबंध में चौकियों को अलर्ट कर दिया है और तटीय गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
बढ़ते जलस्तर का असर जिले के निचले व तटीय इलाकों पर सबसे अधिक पड़ सकता है। इनमें खासकर पांचाल घाट, नगला जमालपुर, नाबदान बंधा, जहानगंज, बढ़पुर और आसपास के अन्य गांवों के प्रभावित होने की आशंका है। बाढ़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। अधिकारियों को संभावित प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने और राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनता से भी अपील की गई है कि वे गंगा किनारे जाने से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
हालांकि गंगा अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही है, लेकिन जलस्तर की बढ़ती गति को देखते हुए स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अगर अगले 24 घंटे में जलप्रवाह की रफ्तार यूं ही बनी रही, तो अलर्ट जारी किया जा सकता है। प्रशासन द्वारा लगातार जलस्तर पर नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को मुस्तैद कर दिया गया है।