किसान को वाहन ने मारी टक्कर डॉक्टर ने किया मृत घोषित, करंट किशोर की जान गई

Update: 2024-05-21 06:10 GMT
रामपुर : मुरसैना-मिलकखानम मार्ग पर बमना गांव के निकट बाइक सवार किसान को वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मरणासन्न हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मंडयाने पूसे गांव निवासी किसान राम किशोर (42) सोमवार की शाम किसी काम से मिलकखानम आए थे।
 काम निपटाने के बाद वह अपने गांव जा रहे थे। बताते हैं कि जैसे ही वह बमना गांव के निकट पहुंचे वैसे ही सामने से आ रहे वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राम किशोर बाइक समेत दूर जा गिरे और गंभीर घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बेहोशी और लहूलुहान अवस्था में घायल को रामपुर भेजने में मदद की। हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। इस बीच डॉक्टर ने राम किशोर को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी और बच्चे रोते-रोते बेसुध हो गए। उसके परिवार में पत्नी और पांच बच्चे हैं। दो बेटों में से एक की शादी हो चुकी है जबकि तीनों बेटियां अविवाहित हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है। समुचित कार्रवाई की जाएगी
गीजर से टोटी में उतरा करंट, किशोर की मौत
गीजर से टोटी में उतरे करंट से सुहैल (16) की मौत हो गई। यह हादसा बिजारखाता निवासी मजदूर मोहम्मद अहमद के घर हुआ। सुहैल के दादा-दादी निमोनिया के मरीज हैं। उनके नहाने के लिए बाथरूम में गीजर लगाया गया था। उन्हें गर्मी में भी गर्म पानी की जरूरत पड़ती है।
रविवार शाम सुहैल नहाने के लिए बाथरूम में गया था। तभी गीजर में शाॅर्ट सर्किट हो गया और करंट टोटी में उतर आया। करंट की चपेट में आकर सुहैल की मौत हो गई। सुहैल के काफी देर तक बाथरूम से न निकलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया।
जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सुहैल पांच बहन-भाइयों में सबसे बड़ा था। सुहैल के पिता मजूदरी करते हैं। सोमवार को सुहैल को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
Tags:    

Similar News