Meerut मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-शकरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने कथित रूप से अपने तीन वर्षीय मासूम बेटे को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती युवक की शनिवार तड़के उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय कपिल निवासी रेहदरा किला, थाना परीक्षितगढ़ के रूप में हुई है। कपिल की शादी करीब पांच साल पहले काजल के साथ हुई थी। दंपति के दो बच्चे थे। इनमें तीन वर्षीय बेटा लड्डू और दो वर्षीय बेटी परी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, काजल अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए तीन जुलाई को अपने मायके गोविंदपुर-शकरपुर गांव आई हुई थी। शादी समारोह में कपिल भी शामिल होने पहुंचा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि समारोह के दौरान कपिल ने काफी शराब पी ली थी। इस पर पत्नी काजल ने उसे टोका, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद कपिल नाराज होकर वहां से चला गया।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब आठ बजे कपिल अचानक दोबारा अपने ससुराल पहुंचा। वह किसी से कुछ बोले बिना सीधे अपने तीन वर्षीय बेटे लड्डू के पास गया और उसे गोद में उठाकर अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद मासूम बच्चा वापस घर पहुंचा तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था। बच्चे की हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
परिजन तुरंत बच्चे को संभालने लगे और आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर कपिल भी अचेत अवस्था में पड़ा मिला। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन वर्षीय लड्डू को मृत घोषित कर दिया। वहीं कपिल की हालत गंभीर बनी हुई थी। शनिवार तड़के उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही किठौर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को कारण मान रही है। पुलिस ने मृतक युवक के ससुराल और मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गोविंदपुर-शकरपुर और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस परिवार में कुछ दिन पहले शादी की तैयारियों को लेकर खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मासूम बच्चे की मौत और पिता की आत्मघाती कदम से पूरे क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है।