नकली दवा कारोबारी की रिश्वत सहित गिरफ्तारी, करोड़ों की दवाइयां जब्त

Update: 2025-08-24 16:47 GMT

AAGRA आगरा: एसटीएफ और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक दवा कारोबारी को एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने के प्रयास में गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने जांच के दौरान अधिकारियों को रिश्वत देने का ऑफर दिया और निर्धारित स्थान पर एक करोड़ रुपये कैश लेकर पहुंचा। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे जेल भेज दिया गया। उसके पास से बरामद रकम को सरकारी खजाने में जमा कर दिया गया। एसटीएफ ने आगरा में जाइडस, ग्लेनमार्क, सन फार्मा और सनोफी जैसी बड़ी कंपनियों की नकली दवाइयों की बिक्री करने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश किया है। शुक्रवार से लगातार चल रही कार्रवाई के तहत फव्वारे के मुबारक महल स्थित हे मां मेडिको और गोगिया मार्केट स्थित बंसल मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। इसके अलावा हे मां मेडिकल स्टोर के सैयद गली मोतीकटरा स्थित गोदाम में भी छापा मारा गया।

गोदाम में डीसीएम से माल उतारने की तैयारी चल रही थी। जांच में पाया गया कि बिल केवल 10 लाख रुपये के थे, जबकि वास्तविक माल की कीमत लगभग 80 लाख रुपये थी। एसटीएफ ने इस पूरे माल को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस और औषधि विभाग का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य नकली और कम गुणवत्ता वाली दवाओं की बिक्री को रोकना और लोगों की सेहत की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आरोपी दवा कारोबारी द्वारा रिश्वत देने की कोशिश ने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया। आगरा में यह छापेमारी इस बात का संकेत है कि सरकारी एजेंसियां नकली दवा और भ्रष्टाचार के मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरत रही हैं। एसटीएफ और औषधि विभाग ने इस तरह के गिरोहों पर कड़ी नजर बनाए रखने का भरोसा दिलाया है।

Tags:    

Similar News