DEATH NOTE 'एक दिन सबको मरना है, इसलिए कर्म करते जाओ, चाहे अच्छे हो या बुरे ', ITI पास ने लिखा
हॉस्टल के कमरे में मिला शव.
कानपुर: कानपुर में एक डिलीवरी बॉय ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. युवक के कमरे से बदबू आने पर आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ, जिसके बाद हॉस्टल मालिक को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था. दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस को युवक फंदे से लटका मिला. कमरे से एक डायरी भी बरामद हुई, जिसमें युवक ने मौत को लेकर कुछ बातें लिखी थीं.
मृतक की पहचान 30 वर्षीय केशव वर्मा के रूप में हुई है. वह हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था और कानपुर में डिलीवरी बॉय का काम करता था. केशव कल्याणपुर इलाके में एक हॉस्टल में रहता था. बताया जा रहा है कि वह करीब एक महीने पहले ही हॉस्टल में रहने आया था. उसके माता-पिता हिमाचल प्रदेश में रहते हैं, जबकि केशव कानपुर में रहकर नौकरी कर रहा था.
सोमवार को हॉस्टल में केशव के कमरे के आसपास बदबू आने लगी. इसके बाद बगल में रहने वाले लोगों ने हॉस्टल मालिक को इसकी जानकारी दी. हॉस्टल मालिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और काफी बदबू आ रही थी. हालात को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया.
फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया. पुलिस अंदर पहुंची तो केशव का शव फंदे से लटका हुआ मिला. मौके पर जांच के दौरान पुलिस को एक डायरी बरामद हुई. डायरी में लिखी बातों से प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है. पुलिस ने घटनास्थल की जांच और जरूरी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
पुलिस को मौके से मिली डायरी में केशव ने मौत को लेकर एक संदेश लिखा था. उसने लिखा था, 'एक दिन सबको मरना है, इसलिए कर्म करते जाओ, चाहे अच्छे हो या बुरे.' इस संदेश के साथ उसने पेन से एक ड्राइंग भी बनाई थी, जो डेथ नोट जैसी दिखाई दे रही थी. डायरी में लिखी इन बातों के आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है.
हालांकि, केशव ने आखिर यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस उसके निजी जीवन, नौकरी और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक महीने पहले कानपुर आए केशव ने अपनी जान क्यों गंवाई.
पुलिस ने केशव के परिवार को घटना की सूचना दे दी है. उसके पिता गोपाल वर्मा से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि केशव ने परिवार को जानकारी दी थी कि वह एक अच्छी कंपनी में काम कर रहा है और हॉस्टल में रहता है. केशव ने ITI की पढ़ाई भी पूरी कर रखी थी. परिवार को उसकी नौकरी और कानपुर में रहने के बारे में जानकारी थी.
एसीपी दिलीप सिंह के मुताबिक, युवक के परिवार को सूचना दे दी गई है. कमरे से बरामद डायरी में लिखी बातों के आधार पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि केशव ने आत्महत्या क्यों की और इसके पीछे क्या वजह रही.