इटावा: कानपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी ) हरिशचंद्र ने शुक्रवार को जनपद इटावा के थाना बकेवर का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत को परखा। इस दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों की स्थिति और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के समय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी भरथना राम दावन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड मेंटेनेंस तथा आमजन की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिसकर्मी जनता के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार रखें तथा शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डीआईजी ने थाना परिसर में आम के पौधे रोपे और कहा कि पेड़-पौधे लगाना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस दौरान थाना में तैनात होमगार्ड्स को टॉर्च वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया और उन्हें कानून के प्रति पूरी निष्ठा से ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना प्रभारी विपिन कुमार मलिक के कार्यों की सराहना करते हुए DIG ने कहा कि थाना स्तर पर बेहतर पुलिसिंग का यह एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने पूरे स्टाफ को इसी तरह ईमानदारी और तत्परता के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।