eta: ईंट से सिर कुचलकर की गई परिवार की हत्या

Update: 2026-01-20 07:30 GMT

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। कोतवाली नगर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड स्थित गांव नगला प्रेमी में एक ही परिवार के चार लोगों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। हत्यारे की दरिंदगी और घटना की भयावहता का अंदाजा घर के अंदर फैले खून और क्षत-विक्षत शवों को देखकर लगाया जा सकता है।

मकान का मेन गेट खोलते ही दलान और आंगन पार कर जैसे ही लोग अंदर पहुंचे, सामने का दृश्य दिल दहला देने वाला था। नीचे वाले कमरे में चारपाई पर वृद्ध गंगा सिंह शाक्य (70) का शव खून से लथपथ पड़ा था। उनके शरीर पर रजाई कमर से ऊपर तक ओढ़ी हुई थी, जिससे प्रतीत हो रहा था कि वह आराम कर रहे थे या सो रहे थे। तभी हत्यारे ने ईंट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। खून चारपाई से बहकर फर्श तक फैल चुका था।

सीढ़ियों से ऊपर पहली मंजिल पर पहुंचे तो नजारा और भी भयावह था। यहां कमरे में रत्ना देवी (48) का शव बेड पर पड़ा था, जबकि उनकी बेटी ज्योति (22) की लाश जमीन पर गिरी मिली। दोनों के सिर और चेहरे इतनी बेरहमी से कुचले गए थे कि पहचान कर पाना भी मुश्किल हो रहा था। पूरे कमरे में खून फैला हुआ था। पास ही दीवार से सटी इंटरलॉकिंग की सीमेंटेड ईंट खून से सनी पड़ी थी, जो हत्याकांड में इस्तेमाल की गई बताई जा रही है।

वृद्धा श्यामा देवी (65) को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई।

स्कूल से लौटे पोते ने देखा मौत का मंजर

इस सामूहिक हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब गंगा सिंह का 12 वर्षीय नाती देवांश स्कूल से घर लौटा। जैसे ही उसने घर के अंदर कदम रखा, सामने खून से लथपथ अपने दादा, दादी, मां और बहन को देखा। मासूम की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी गई।

घर में ही थे चारों मृतक

पुलिस के अनुसार, वारदात के समय घर में केवल यही चार लोग मौजूद थे। हत्यारे ने घर में घुसकर एक-एक कर सभी पर ईंट से जानलेवा वार किए। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हत्या किसने और क्यों की। न तो लूट के स्पष्ट संकेत मिले हैं और न ही किसी पुराने विवाद की तत्काल पुष्टि हो सकी है।

पुलिस जांच में जुटी, गांव में दहशत

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पूरे घर को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। इस हत्याकांड के बाद गांव नगला प्रेमी में दहशत और मातम का माहौल है। हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर एक ही परिवार के चार लोगों को इतनी बेरहमी से क्यों मार दिया गया।पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और हत्यारे को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Tags:    

Similar News