हैदरपुर तिराहे पर पुलिस और गौ-तस्कर में मुठभेड़
गौ-तस्करी के आरोपित से पुलिस की मुठभेड़
जौनपुर: तेजीबाजार थाना क्षेत्र के हैदरपुर तिराहे के पास शुक्रवार को पुलिस टीम और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक गौ-तस्कर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार गौवंश, अवैध असलहा व कारतूस के साथ गौ-तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हैदरपुर तिराहे के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घायल की पहचान छोटू पुत्र सैफुद्दीन निवासी अलीनगर, थाना एवं जिला चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। मौके से चार गौवंश को भी बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से अवैध असलहा और कारतूस भी मिले हैं। इसके अलावा गौवंश की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप और मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।