Traders' की बैठक में नियमों को आसान बनाने पर जोर

नियमों पर अपनी राय रखी।

Update: 2026-07-03 10:32 GMT

Meerut मेरठ :   वेदव्यासपुरी स्थित मीनार होटल में शुक्रवार को होटल और जिम संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक चली, जिसमें प्रशासन द्वारा होटलों पर प्रस्तावित कार्रवाई, सराय एक्ट के तहत पंजीकरण और अन्य नियमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक का संचालन वेदव्यासपुरी व्यापार संघ के उपाध्यक्ष आशीष चौधरी ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में होटल और जिम संचालक मौजूद रहे। बैठक के दौरान सभी ने प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों और नियमों पर अपनी राय रखी।

होटल संचालकों ने कहा कि 29 जून को एडीएम सिटी बृजेश सिंह द्वारा होटल संचालकों को नियमों का पालन करने और कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद सभी संचालक एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे सराय एक्ट के तहत पंजीकरण कराने और सभी निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए प्रशासन को सहयोग करना होगा।संचालकों ने यह भी मांग की कि पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सात विभागों की एनओसी प्राप्त करने में प्रशासन सहायता करे और जहां संभव हो वहां नियमों के अनुसार राहत दी जाए, ताकि व्यापार सुचारू रूप से चल सके।

बैठक में व्यापारी नेता शैंकी वर्मा ने कहा कि व्यापारी कानून का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी किसी भी प्रकार से कानून विरोधी नहीं हैं, इसलिए प्रशासन को संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए।उन्होंने एक अधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि व्यापारियों को जेल भेजने जैसी धमकियां दी जाएंगी तो व्यापारी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि ऐसा रवैया जारी रहा तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में व्यापार संघ के अध्यक्ष योगेंद्र जाटव, संरक्षक मुकेश गुप्ता, मोहित कराहना, प्रदीप कुमार, प्रवेश यादव, सुभाष मलिक, संदीप कुमार, सोनू गुज्जर, रोहन अरोड़ा, मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा, जिला पंचायत सदस्य सुमित प्रधान सहित बड़ी संख्या में होटल एवं जिम संचालक उपस्थित रहे।बैठक का उद्देश्य प्रशासन और व्यापारियों के बीच संवाद स्थापित करना और नियमों के पालन के साथ व्यापार को सुचारु रूप से चलाने पर सहमति बनाना बताया गया।

Tags:    

Similar News