वाराणसी में भारी बारिश का असर, कल कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद
Varanasi वाराणसी। लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए वाराणसी जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों को कल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
प्रशासन के अनुसार, यह आदेश परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर लागू होगा। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन रही है, ऐसे में छात्रों की आवाजाही में परेशानी और सुरक्षा को देखते हुए अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन किया जाए। वहीं, अभिभावकों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न भेजें।
मौसम विभाग की ओर से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति सामने आ रही है। प्रशासन की टीमें भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों से संपर्क करने की अपील की है।
भारी बारिश के बीच स्कूल बंद करने का फैसला छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम सामान्य होने के बाद ही नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।