डॉ. विनीत पुनिया ने बीजेपी सरकार पर लगाया ये गंभीर आरोप

Update: 2023-05-27 12:47 GMT

आगरा । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव और आंतरिक कम्युनिकेशन के प्रभारी डॉ. विनीत पुनिया ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की जनता को निराश किया है और उन्हें अब विपक्ष से सवाल पूछने की बजाए जनता के सवालों का जवाब देते हुए पिछले नौ वर्षों की सरकार का हिसाब देना चाहिए।

शनिवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर नौ सवालों के साथ देशभर के 27 बड़े शहरों में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। आगरा में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. पुनिया ने कहा कि आज केंद्र की भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री जी से नौ सवाल पूछ रही है, लेकिन मोदी सरकार सवालों देने की बजाय ध्यान बांटने के लिए हर रोज नया विभाजनकारी एजेंडा लेकर आती है।डॉ. पुनिया ने कहा कि पिछले नौ वर्षों के शासन काल में भाजपा सरकार ने देश को कई दशक पीछे कर दिया है। नौ साल पहले भाजपा जनता से जो बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई, आज उन वादों पर कोई बात नहीं होती है। आज प्रधानमंत्री जी केवल प्रचार मंत्री और भाजपा नेता के चुनाव प्रचारक की भूमिका में नज़र आते हैं।

शायद वे भूल गए हैं कि उनका पहला दायित्व देश के 135 करोड़ लोगों के प्रति है, लेकिन उन्हें हर समय सत्ता ही दिखाई देती है, ऐसा लगता है कि मानो देशवासियों के दुखों से प्रधानमंत्री का कोई लेना देना नहीं है। डॉ. पुनिया ने कहा कि सरकार संसद में बहस करने की बजाय चर्चा से भागती है। राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए संवैधानिक संस्थाओं की अवमानना और महान परंपराओं व व्यवस्थाओं की अनदेखी की जा रही है। यहाँ तक कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति को संसदीय परिसर का उद्घाटन करने के उनके संवैधानिक विशेषाधिकार से भी वंचित कर दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पूरी तरह दरकिनार करते हुए नए संसद भवन का उद्घाटन करने का प्रधानमंत्री मोदी का फैसला न केवल देश की महिलाओं और जनजातीय लोगों का अपमान है, बल्कि हमारे लोकतंत्र पर भी हमला है।

Tags:    

Similar News

-->