मंझनपुर। कानपुर के चकेरी में ब्याही युवती को अतिरिक्त दहेज की खातिर ससुरालियों ने पीटकर घर से बेघर कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने आरोपित पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्जकर लिया है।
करारी कोतवाली के गुवारा तैयबपुर गांव की आरती देवी पुत्री राम सिंह की शादी दो साल पहले कानपुर के चकेरी में पप्पू के साथ हुई थी। विवाहिता ने बताया कि शादी में मिले दहेज से ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद से दो लाख नकदी के साथ सामान की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। पखवारे भर पहले मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने उसे कमरे में बंद करके बेरहमी से पीट दिया। इसके बाद गहने छीनकर घर से निकाल दिया। मायके पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई। दोनों परिवार के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई इसके बाद भी बात नहीं बन सकी। पीड़िता ने मामले की शिकायत महिला थाने में किया पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाने का प्रयास किया पर ससुराल वाले नहीं माने। बुधवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पति पप्पू के साथ सास प्रेमा देवी समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।