Auraiya में विवाद के बाद मौत, मुकदमे में बढ़ाई जाएंगी धाराएं

Update: 2026-07-13 12:48 GMT

Auraiya औरैया :   उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के भैसोल गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला ने सोमवार को सैफई स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमे में महिला की मौत के बाद धाराओं में बढ़ोतरी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 जून 2026 की देर रात की बताई जा रही है। मृतका रोशनी के पति शिव रविंद्र की बुआ मीना कुमारी ने फफूंद थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर के अनुसार, मीना कुमारी शिव रविंद्र के साथ फफूंद कस्बे के निहारिका गेस्ट हाउस में आयोजित एक शादी समारोह में गई थीं। उस समय घर पर रोशनी अपने बच्चों के साथ मौजूद थी।

आरोप है कि देर रात करीब 12 बजे घसारा गांव निवासी शिव, बृजेंद्र उर्फ छोटू, राजकुमार, रजनी और कुछ अन्य अज्ञात लोग रोशनी के घर पहुंचे। आरोपियों ने घर में घुसकर लोहे की सरिया से रोशनी और उसके बच्चों पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के कई लोग घायल हो गए, जबकि रोशनी को गंभीर चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रोशनी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई रेफर कर दिया था।

परिजनों के अनुसार, सैफई में कई दिनों से रोशनी का इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए निगरानी रखी जा रही है।

फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मामले में पहले से मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। घायल महिला रोशनी की सैफई में इलाज के दौरान मौत हो गई है। अब मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण जमीन विवाद सामने आया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News