अर्धनग्न हालत में मिला शव

Update: 2023-08-11 05:58 GMT

बरेली के शाही थाना क्षेत्र में बीते दिनों तीन महिलाओं की हत्या की तर्ज पर फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में भी एक महिला (45) की नृशंस हत्या कर दी गई। गुरुवार को महिला का अर्धनग्न हालत में शव पनवड़िया के जंगल में एक खेत में पड़ा मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

वहीं महिला की हत्या के पीछे लोग सीरियल किलर होने की आशंका जता रहे हैं। पनवड़िया से पूर्व दिशा में चकमार्ग के पास चरी के खेत में सुबह ग्रामीणों ने महिला का शव देखा। साड़ी के एक छोर से गला कसा था। साड़ी का कुछ हिस्सा शरीर के निचले हिस्से पर था। ब्लाउज आस्तीन में फंसा था। कुछ कपड़े दूर पड़े थे।

चेहरा कूंचा हुआ और झुलसा था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ग्रामीणों ने बताया कि महिला का गला और चेहरे पर वार करके पहचान मिटाने का प्रयास किया गया है।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि शव दो दिन पुराना होने की वजह से ऐसी हालत हुई है। कीड़ों ने गला और चेहरा जख्मी कर दिया है। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी क्राइम मुकेश कुमार, सीओ हर्ष मोदी ने मौका मुआयना किया।

हाथ पर लिखा शांति देवी-जगदीश

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से सुराग जुटाए। महिला की एक कलाई पर शांति देवी और जगदीश लिखा मिला। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला का नाम शांति देवी और उसके पति का नाम जगदीश हो सकता है। खोजी कुत्ता आसपास ही घूमकर रह गया। किसी दिशा में आगे नहीं बढ़ सका।

फोरेंसिक टीम ने काफी मशक्कत की पर घटनास्थल पर संघर्ष के निशान नहीं मिले। शव भी औंधे मुंह पड़ा था। माना गया कि हत्या कहीं और करके शव यहां फेंका गया है। लूट के साक्ष्य भी नहीं मिले। महिला के पैर में चांदी की पायल, बिछिया मौजूद थे। कपड़े भी कीमती लग रहे थे, जिन्हें आरोपी नहीं ले गए। महिला की चप्पलें भी खेत के पास मिली हैं।

खेत मालिक समेत तीन से पूछताछ

दो ग्रामीणों देवेंद्र और प्रमोद ने शव बुधवार शाम को ही देख लिया था, लेकिन उन्होंने डर की वजह से किसी को सूचना नहीं दी। गुरुवार को शव मिलने के बाद जब यह जानकारी पुलिस को हुई तो दोनों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू की गई। खेत मालिक जगदीश को भी बुलाकर पूछताछ की जा रही है।

आज पैनल से होगा पोस्टमार्टम

महिला का शव दोपहर बाद पोस्टमार्टम हाउस लाया गया। नियमानुसार पहचान के लिए शव को अभी मोर्चरी में रखवाया गया है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

एसपी क्राइम मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में महिला का शव मिला है, जो काफी खराब हालत में है। पोस्टमार्टम के बाद हत्या के तरीके और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के जिलों में फोटो भेजकर पहचान की कोशिश की जा रही है।

Similar News

-->