Cyber ​​Crime पुलिस की बड़ी कार्रवाई

तीन और गिरफ्तारी

Update: 2026-06-26 15:41 GMT

Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : जनपद की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि से जुड़े बड़े साइबर फ्रॉड मामले में कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह के तीन और शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह एक महिला की करीब 60.37 लाख रुपये की बीमा मैच्योरिटी राशि को फर्जीवाड़ा कर हड़पने में शामिल था।

पुलिस जांच के अनुसार, हरिद्वार निवासी सुमनलता ने वर्ष 2019 में बजाज एलियांज इंश्योरेंस से जीवन बीमा पॉलिसी ली थी। प्रीमियम बंद होने के बाद उन्होंने मैच्योरिटी राशि की मांग की थी। कंपनी ने उनकी लगभग 60,37,000 रुपये की राशि का चेक ब्लू डार्ट कूरियर के जरिए भेजा, लेकिन यह चेक बीच रास्ते में ही गायब कर दिया गया।

इसके बाद आरोपियों ने चेक पर नाम बदलकर उसे मुजफ्फरनगर के एक बैंक खाते में जमा कराया और रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर निकाल लिया। जांच में इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई तेज की।

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार चौहान (निवासी अमरोहा, वर्तमान मुरादाबाद), सचिन (अमरोहा) और जितेन्द्र कुमार उर्फ जितेश (अमरोहा) शामिल हैं। इनके कब्जे से एक चेकबुक और दो एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार इससे पहले इसी गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को 21 जून 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक इस मामले में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमा या बैंकिंग लेन-देन में सतर्कता बरतें और साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत करें।

इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के बाकी नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

Tags:    

Similar News