हरिद्वार: आगामी चुनावों से पहले हरिद्वार पुलिस ने कानून व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित अपराध गोष्ठी में अधिकारियों को लंबित मामलों के निस्तारण और अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

सैनिक सम्मेलन के समापन के बाद आयोजित बैठक में अक्टूबर माह के दौरान जनपद में दर्ज अपराधों और उनके खुलासे की समीक्षा की गई। आगामी चुनावों की तैयारियों, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और गंभीर आपराधिक मामलों पर भी चर्चा हुई।

एसएसपी ने चुनाव से पहले निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने और लाइसेंसी हथियार जमा कराने की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। अवैध हथियारों के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।

नशे का सेवन कर सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वाले पिल्ला गैंग के सदस्यों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया के माध्यम से चुनावी माहौल प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर भी पुलिस नजर रखेगी।

हत्या सहित अन्य गंभीर अपराधों के लंबित खुलासों पर एसएसपी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसपी सिटी और एसपी देहात को संबंधित जांच टीमों की प्रभावी निगरानी करते हुए मामलों का जल्द खुलासा सुनिश्चित करने को कहा।

वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस के प्रदर्शन की सराहना की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को आगे भी इसी सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण के साथ क्षेत्राधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह उनकी समीक्षा करने को कहा गया। सीएम पोर्टल से प्राप्त शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों को प्राथमिकता से निपटाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा सत्यापन अभियान तेज करने, नशा तस्करी पर रोक लगाने और तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को अटैच करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात अभय कुमार सिंह, एसपी सिटी दीपक कुमार सहित सभी क्षेत्राधिकारी और थाना-कोतवाली प्रभारी उपस्थित रहे।

Tags: