उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में उस व्क्त हड़कंप मच गया जब ककराला कस्बे में शुक्रवार को स्थानीय लोगों के एक गुट की पुलिस से झड़प हो गई और पुलिस पर पथराव करना शुरु कर दिया। मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि एक व्यक्ति ने भीड़ को इकट्ठा किया क्योंकि वह रुटीन चेकिंग के लिए रोके जाने से नाराज था। जिला पुलिस प्रमुख ओपी सिंह ने कहा कि 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया और बाकी की वीडियो फुटेज के जरिए तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, रात तक इलाके की सड़कें सुनसान थीं। कई लोग पुलिस की कार्रवाई के डर से अपने घरों को बंद करके चले गए थे। वहीं मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम पैदल गश्त के लिए इलाके में थी। नियमित चेकिंग चल रही थी। तब एक व्यक्ति ने अपने वाहन की जांच करने पर आपत्ति जताई। बाद में वह अपने परिवार के पुरुषों और महिलाओं के साथ लौटा और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जब उन्होंने ट्रैफिक जाम कर दिया तो पुलिस ने उनसे ऐसा नहीं करने के लिए कहा। इसके बाद कई लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस घटना में 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए और कुछ पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।