शिक्षा और छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस का आक्रोश, कैंडल मार्च में उठी जवाबदेही की आवाज

Update: 2026-07-25 15:45 GMT

नोएडा  :   नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने शनिवार को नोएडा एक्सटेंशन (ग्रेटर नोएडा वेस्ट) में विशाल कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने मार्च में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर छात्रों के सम्मान, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया।

कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने "छात्रों पर अत्याचार बंद करो", "शिक्षा बचाओ-देश बचाओ", "तानाशाही नहीं चलेगी" और "अमित शाह इस्तीफा दो" जैसे नारे लगाए। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग उठाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने की मांग की।

छात्रों के भविष्य को लेकर जताई चिंता

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि देश का छात्र आज अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार परीक्षा पत्र लीक होने और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठ रहे सवालों ने युवाओं के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र अपने अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते हैं तो उनके साथ सख्ती की जाती है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।

कांग्रेस ने आंदोलन जारी रखने की बात कही

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी छात्रों, युवाओं और उनके अभिभावकों के संघर्ष में मजबूती से साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब तक देश में पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए हर स्तर पर आंदोलन करेगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल

कैंडल मार्च में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें मुकेश शर्मा, निशा शर्मा, गौतम अवाना, महाराज सिंह नागर, हरेन्द्र शर्मा, दुष्यंत नागर, सतीश शर्मा, नीरज लोहिया, अरविन्द रेक्सवाल, विजय नागर, महकार सिंह, कैलाश बंसल, जतन सिन्हा, धर्म सिंह, सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा बिन्नू भाटी, गौतम सिंह, संजय बी भाटी, रमा नैय्यर, रमेश यादव, रमेश जीनवाल, रूपेश भाटी, सचिन भाटी, राज सिंह, आकाश, अभी, विमल राजवंशी, मेहर बाल्मीकि, धीरा सिंह, ओमकार राणा, मनोज गौतम, गजन प्रधान, नरेश शर्मा, असगर अली, अमित कुमार, दयानंद नागर, प्रिंस भाटी सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।

मार्च के समापन पर उपस्थित लोगों ने छात्रों के सम्मान, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News