लखनऊ:उत्तर प्रदेश में गुरुवार से जारी लगातार बारिश के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान को लेकर अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में मौके पर जाकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का 24 घंटे के भीतर आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हर संभव सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा है।
सीएम योगी ने लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने आकाशीय बिजली और अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा नदियों और जलाशयों में स्नान से बचने की सलाह दी है।
बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए अयोध्या में 25 सितंबर को नर्सरी से इंटरमीडिएट तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, जिन विद्यालयों में परीक्षाएं चल रही हैं, वहां परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में बारिश, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के लिए राहत राशि जारी की गई है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, 1 अप्रैल से 18 सितंबर 2026 तक विभिन्न आपदाओं से प्रभावित लोगों के लिए कुल 249.76 करोड़ रुपये की राहत सहायता जारी की गई थी।
Tags: