Chaudhary Satyendra Singh तोमर को रालोद में बड़ी जिम्मेदारी

कार्यकर्ताओं में उत्साह

Update: 2026-06-26 15:21 GMT

Meerut मेरठ :  में राष्ट्रीय लोकदल (Rashtriya Lok Dal) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ किसान नेता एवं समाजसेवी चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर को किसान प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की घोषणा के बाद शुक्रवार को मेरठ स्थित पार्टी के क्लेमेंट स्ट्रीट जिला कार्यालय में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।

जैसे ही चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर अपने समर्थकों के काफिले के साथ जिला कार्यालय पहुंचे, वहां मौजूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति को किसानों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने वाला कदम बताया।

इस अवसर पर चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर ने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री Chaudhary Jayant Singh, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी और किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलजीत सिंह गिल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर से लेकर गांव-गांव तक मजबूत बनाना होगी। साथ ही किसानों, युवाओं और समाज के हर वर्ग की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान हितों की रक्षा और ग्रामीण विकास उनके कार्य का मुख्य उद्देश्य रहेगा।

चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर का सार्वजनिक और सामाजिक जीवन चार दशकों से अधिक लंबा रहा है। उन्होंने वर्ष 1982 में जाट कॉलेज, बड़ौत से छात्र राजनीति के माध्यम से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। छात्र जीवन में ही उन्होंने विभिन्न आंदोलनों और छात्र हितों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई और अपनी पहचान बनाई।

वर्ष 1988 में छपरौली विधानसभा उपचुनाव के दौरान उन्होंने जनता दल के प्रत्याशी नागेंद्र सिंह के चुनाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी दौरान उनका संपर्क पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान नेता चौधरी अजित सिंह से हुआ, जिसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा।

कृषि क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 1990 से 1995 तक उन्होंने इंडो-कनाडियन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन प्रोजेक्ट में कृषि वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया, जहां उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, उत्पादन बढ़ाने और आय वृद्धि के लिए कई कार्यक्रम चलाए।

इसके अलावा उन्होंने युवा जनता दल में महासचिव के रूप में भी कार्य किया और बाद में वर्ष 1997 में इंडियन सोसाइटी फॉर सेल्फ एम्प्लॉयमेंट एंड ट्रेनिंग के माध्यम से स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़े कई कार्यक्रम संचालित किए, जिनसे ग्रामीण युवाओं को लाभ मिला।

स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, विवेक बाफर, विनय प्रधान, नरेंद्र खजूरी, रणवीर दहिया, संजय पनवाड़ी, संजय रसूलपुर, अभिमन्यु ललसाना, अरविंद तोमर, सुधीर चौधरी, दीपक तोमर, वैभव तोमर, वीरेंद्र तोमर, अभिषेक, संदेश, गुरप्रीत कोहली, उर्मिला, वीणा, कुलवंत सोलंकी और जावेद रुहासा शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने नए राष्ट्रीय सचिव को शुभकामनाएं दीं और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News