Chandauli : किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी गला रेतकर हत्या, अर्धनग्न हालत में मिला शव

Update: 2024-06-17 14:30 GMT
Chandauli चंदौली : चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात शादी समारोह में चचेरी बहनों के साथ डांस देख रही कक्षा सात की छात्रा को वहशी दरिंदे ने दुराचार के बाद गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। सोमवार सुबह जंगल के पास अर्धनग्न हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। नाराज लोगों ने कुछ देर तक हंगामा किया। वारदात की जानकारी पर पहुंचे एएसपी, एसडीएम व सीओ ने मौके का जायजा लिया। मृतका के पिता ने दुष्कर्म और हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट व फोरेंसिक रिपेार्ट आने के बाद किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी।
उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना नौगढ़ के एक गांव में बरात आई थी, इसमें बरातियों के मनोरंजन के लिए नाच गाने का भी प्रोग्राम था। कक्षा सात की छात्रा बारह वर्षीय किशोरी नाच का प्रोग्राम देखने दो चचेरी बहनों करीना और पुष्पांजलि को साथ लेकर अपने घर से रात को निकली थी। डांस देखने के दौरान प्यास लगने पर वह पानी पीने गई और उसके बाद से वह अचानक गायब हो गई। उसकी बहनों ने काफी देर तक इधर-उधर खोजबीन किया, लेकिन उसका पता नहीं चला।
रात में जब किशोरी घर नहीं लौटी तो घर वालों को चिंता हुई और खोजबीन करना शुरू किया। इस बीच बस्ती के बाहर जंगल के निकट एक खपरैल के मकान के बाहर चप्पल पड़ी थी और किशोरी का शव अर्धनग्न पड़ा था। परिजनों की मानें तो मृतका के निर्वस्त्र तथा उसके शरीर पर चोट व खरोंच के निशान और प्राइवेट पार्ट में चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर आसपास मिट्टी फैली थी, जिससे साफ है कि किशोरी के साथ दरिंदगी कर उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है।
वारदात के बाद एएसपी अनिल कुमार, एसडीएम आलोक कुमार, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, एसओ जीतेंद्र बहादुर सिंह आदि मौके पर पहुंचे व मामले की जानकारी लेने के साथ ही आरोपियों के बारे में पता करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दुराचार करने के बाद दरिंदों ने किशोरी के लैगी से गला घोंटकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने किशोरी के गले में फंसा लैगी बरामद किया है। किशोरी का शरीर खून से लथपथ मिला है। उसके कपड़े फटे मिले। मौके पर देखने से लगता है कि किशोरी को दूर तक घसीटा गया है, उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या की गई है। मौके पर जुटे ग्रामीणों में चर्चा थी कि एक अकेला कोई इस वारदात को अंजाम नहीं दे सकता। इस वारदात में आरोपी एक से ज्यादा हैं। आस-पास की हालत देख कर लगता है किशोरी व आरोपी के बीच संघर्ष भी हुआ है। इस वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व दहशत का माहौल है।
वारदात स्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम
किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या की वारदात के बाद फिंगर प्रिंट एक्स्पर्ट समेत कई अन्य की फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची है। वहां पर टीम के सदस्य आस-पास सारे सबूत जुटाने में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि जांच पड़ताल करने के लिए वाराणसी से डॉग स्क्वॉएड की टीम भी बुलाई गई है। अब पुलिस की जांच पड़ताल के बाद ही आरोपी का पता लग सकेगा।
चार भाई बहनों में सबसे छोटी थी किशोरी
मृतका अपने परिवार में पिता की सबसे छोटी संतान थी। परिवार में तीन बहनें व एक भाई हैं। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि किशोरी की हत्या की गई है। किशोरी के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं इस बात का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता लग सकेगा। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है।
Tags:    

Similar News

-->