KANPUR कानपुर: इंस्टाग्राम पर हुई ऑनलाइन दोस्ती ने बाराबंकी और कानपुर की दो विवाहित महिलाओं की ज़िंदगियों में हलचल मचा दी। मामला करीब दो साल तक चली ऑनलाइन बातचीत और मुलाकातों का है, जो प्यार और शादी के सपनों तक बढ़ गया। लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। कानपुर की महिला तलाक के बाद अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसकी इंस्टाग्राम पर बाराबंकी के मोहिउद्दीनपुर निवासी कुलदीप कुमार से दोस्ती हुई। कुलदीप ने खुद को अविवाहित बताया और महिला को शादी का झांसा दिया। बातचीत के दौरान बाराबंकी में लगातार मुलाकातें भी होने लगीं।
महिला का आरोप है कि कुलदीप ने उसे दो बार गर्भपात करवा दिया और इस दौरान अपनी शादीशुदा स्थिति छुपाई। शख्स की चालाकी तब उजागर हुई जब उसने संध्या से कहा कि एक लड़की उसे परेशान कर रही है। संध्या ने उस लड़की से संपर्क किया तो खुलासा हुआ कि वह भी पिछले दो साल से कुलदीप के संपर्क में रही। दोनों महिलाओं को पता चला कि कुलदीप वास्तव में शादीशुदा है और चार बच्चों का पिता है। सच्चाई उजागर होने पर संध्या कानपुर से मोहिउद्दीनपुर पहुंची। युवक ने महिला को देखते ही घर छोड़कर भागने की कोशिश की। पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर धोखाधड़ी और छल के आरोप में कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि कुलदीप की पत्नी राधा ने तीन दिन से पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। कानपुर की महिला की शिकायत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। मामले ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन रिश्तों की नाजुकता को भी उजागर किया है, जहां झूठे दावे और पहचान छुपाकर भावनाओं का गलत फायदा उठाया जा सकता है।
Tags: