हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में हाईवे पर खड़ी एक खराब बस में तेज रफ्तार कार जा घुसी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है। यह हादसा सिम्भावली क्षेत्र के खुड़लिया बाईपास के पास हुआ। कार में सवार लोग नेपाल से लौट रहे थे। हाईवे पर खराब हालत में खड़ी बस को चालक समय रहते नहीं देख पाया और कार पीछे से बस में जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मची अफरा तफरी
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हाईवे पर खड़ी थी खराब बस
पुलिस के मुताबिक, जिस बस से कार टकराई, वह पहले से ही खराब होने के कारण हाईवे पर खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उसमें जा घुसी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
यातायात हुआ प्रभावित
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: