रामपुर के इलाके में शादी के दो दिन बाद ही दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार

Update: 2024-04-28 12:50 GMT
रामपुर : रामपुर के भोट थाना क्षेत्र में नवविवाहिता शादी के दो दिन बाद ही प्रेमी के साथ चली गई। लोगों ने बताया कि 23 अप्रैल को धूमधाम के साथ मुरादाबाद के एक गांव के मंदिर में शादी संपन्न हुई थी। बड़े उत्साह के साथ वर और वधू दोनों पक्ष के लोग शामिल हुए थे। 24 अप्रैल को वर-वधू स्वागत समारोह संपन्न हुआ। दो दिन तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा।
 घर में मेहमानों की चहल-पहल थी। इसी बीच शुक्रवार देर रात पति के सोने के बाद दुल्हन प्रेमी के साथ बाइक से भाग गई। सुबह जब दूल्हे की नींद खुली तो दुल्हन को घर में नहीं पाकर इधर-उधर खोजने लगा। कहीं कुछ अता-पता नहीं चला, तब थक हारकर उसने इसकी जानकारी अपनी ससुराल वालों को दी।
ससुराल वालों ने काफी तलाश किया लेकिन, युवती का कोई पता नहीं चला। नवविवाहिता अपने गहने भी साथ ले गई। मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच मामले को लेकर वार्ता चल रही है। अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
दूल्हे पर प्रेत का साया बताकर लौटाई बरात
रामपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में आई बरात के दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के ऊपर भूत-प्रेत का साया होने का आरोप लगाते हुए बरात बैरंग लौटा दी। दोनों पक्षों के बीच शनिवार को हुई पंचायत के बाद समझौता हो गया। लड़की पक्ष द्वारा दिए गए दहेज की कीमत वर पक्ष लौटाएगा। इस समझौते के साथ ही रिश्ता खत्म हो गया।
कोतवाली स्वार क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण की बेटी का रिश्ता थाना गंज क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुआ था। तयशुदा कार्यक्रम के तहत शुक्रवार की शाम बरात आई। दुल्हन पक्ष द्वारा बरात का भव्य स्वागत किया गया। बरात चढ़त भी धूमधाम से संपन्न हुई। बरातियों ने खाना भी खा लिया।
विवाह की रस्में शुरू होनी थीं, तभी किसी ने दुल्हन पक्ष के लोगों को बता दिया कि दूल्हे के ऊपर प्रेत का साया है और वह बीमार रहता है। इसके चलते दुल्हन पक्ष के लोगों ने विवाह की रस्म रुकवा दी। बाद में दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।
दूल्हे के परिजनों ने भी उसके बीमार रहने की बात स्वीकार की। इसके बाद बरात बिना शादी के लौट गई। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच रिश्तेदार के घर पंचायत हुई। बताया कि दहेज का सामान कुछ दिन पहले ही लड़के के घर पहुंचा दिया गया था।
सामान वापस लाने के बजाय उसकी रकम लड़की पक्ष को देने की बात तय हुई। लड़की पक्ष ने खाने का कोई खर्च नहीं मांगा। इस समझौते के साथ ही रिश्ता खत्म कर दिया गया। मामले की पुलिस से भी शिकायत नहीं की गई।
Tags:    

Similar News