UP Election 2022 Updates: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो रही हैं. आज स्वामी प्रसाद मौर्य (swami prasad maurya) जिन्होंने पिछले दिनों बीजेपी छोड़ी थी वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा आज भारतीय जनता पार्टी यूपी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट भी जारी कर सकती है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी आज उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है. गुरुवार को दिल्ली में बीजेपी की चुनाव समिति की बैठक हुई थी. उस बैठक में यूपी के लिए पहले दो चरणों की 113 सीटों में 94 सीटों के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई. बाकी की 19 पर उम्मीदवारों के नाम तय करना का अधिकार पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को दिया गया है. यह भी पक्का हुआ है कि सीएम योगी अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे.
स्वामी प्रसाद मौर्य आज कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं. आज वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं. यूपी के कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा देने और बीजेपी छोड़ने के बाद मौर्य ने अबतक किसी पार्टी को ज्वाइन नहीं किया है. उन्होंने पहले ही कहा था कि वह 14 जनवरी को धमाका करेंगे. मौर्य ने कहा था कि लखनऊ से जो सुनामी चलेगी, उसमें BJP के परखच्चे उड़ जाएंगे.
उत्तर प्रदेश में कुल सात चरणों में विधानसभा चुनाव होना है. पहले चरण के लिए 10 फरवरी को मतदान होगा. इसके लिए आज 14 जनवरी से नॉमिनेशन भरने शुरू होंगे.