भूपेंद्र सिंह चौधरी का दावा- योगी सरकार में यूपी बना देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में योगी सरकार के कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश ने विकास के कई क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है और आज राज्य देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बनकर उभरा है। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बुनियादी सुविधाओं और विकास योजनाओं में व्यापक सुधार हुआ है।
मंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था में पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने राज्य के हर क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता दी है और इसका असर जमीन पर दिखाई दे रहा है। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बिजली व्यवस्था सीमित क्षेत्रों तक ही थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय केवल कुछ जिलों में ही बेहतर बिजली उपलब्ध होती थी, लेकिन अब पूरे प्रदेश में बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली आपूर्ति के साथ-साथ वितरण नेटवर्क को भी बेहतर बनाया है, जिससे गांवों और शहरों दोनों में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़कों और एक्सप्रेसवे के निर्माण से कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। इसके अलावा स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी नए संस्थानों और सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था में भी सुधार हुआ है। बेहतर सुरक्षा माहौल के कारण निवेश और उद्योगों को बढ़ावा मिला है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
भूपेंद्र सिंह चौधौरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को आर्थिक रूप से और मजबूत बनाना तथा हर नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में किए गए कार्यों का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में राज्य विकास के क्षेत्र में और नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल आंकड़ों में सुधार करना नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।