Meerut में भाकियू तोमर का प्रदर्शन टला, प्रशासन से बनी बात

Update: 2026-07-13 11:00 GMT

Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर :   भारतीय किसान यूनियन (तोमर) द्वारा मेरठ में प्रस्तावित ADG कार्यालय घेराव और पंचायत को प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि ललिता हत्याकांड, मेरठ लाठीचार्ज, किसानों पर दर्ज मुकदमों सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रशासन के साथ हुई बातचीत में कई मांगों पर सहमति बन गई है।

चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि 9 जुलाई को हुई घटनाओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने 13 जुलाई को मेरठ स्थित ADG कार्यालय पर पंचायत और घेराव का ऐलान किया था। संगठन की इस घोषणा के बाद मेरठ प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी थीं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नौ जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन को लेकर पिछले दो दिनों से प्रशासन और संगठन के पदाधिकारियों के बीच लगातार वार्ता चल रही थी। बहसूमा क्षेत्र में हुई बैठक के दौरान भी अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया था। हालांकि, किसानों ने प्रदर्शनकारियों पर दर्ज गंभीर धाराओं के मुकदमों को वापस लेने की मांग को प्रमुखता से उठाया था।

बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर हुई बातचीत के बाद सहमति का रास्ता निकला। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय सलाहकार इंद्रजीत सांगवान के नेतृत्व में मेरठ पहुंचकर ADG भानु प्रताप से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने ADG को 13 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। वार्ता के दौरान प्रशासन ने ललिता हत्याकांड को लेकर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच जारी है।

प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, शस्त्र लाइसेंस और पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया। बताया गया कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा और सहायता को लेकर प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।

इसके अलावा प्रशासन ने 8 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमों की समीक्षा करने और उचित राहत देने का भी भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वार्ता के बाद संगठन ने प्रस्तावित ADG कार्यालय घेराव और पंचायत को स्थगित करने का निर्णय लिया। चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर प्रशासन के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है, जिसके बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया गया है।

घेराव स्थगित होने के बाद किसान नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने घर लौट गए। इस दौरान संगठन के जिला अध्यक्ष इंतजार देशवाल, युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, कार्यकारिणी जिला अध्यक्ष आकिल राणा, प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी, मंडल उपाध्यक्ष साजिद अल्वी, विशाल चौधरी, अमन, अमित चौधरी, अमरपाल, अब्बास, मुंसफ अली, कृष्णपाल सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाकियू तोमर का कहना है कि संगठन किसानों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा। वहीं, प्रशासन ने भी सभी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Tags:    

Similar News