बरेली: जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे रंजिशन दबंगों ने घर मे घुसकर एक परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। विरोध करने पर लाठी डंडों से पीटा। महिला, बच्ची समेत आधा दर्जन लोग गंभीर घायल हो गए। आरोप है कि दबंगों ने छत से ईट पत्थर भी बरसाए। पीड़ित परिवार ने थाना पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है। मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है। कस्बे के मोहल्ला कहारान निवासी पूजा पत्नी निखिल ने पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि शुक्रवार दोपहर अपराह्न तीन बजे वह घर पर खाना खा रही थी। तभी पड़ोस मे रहने वाले कई लोग बांका और लाठी डंडे लेकर उनके घर मे घुस आए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी देवरानी तुलसी व उसपर हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।
शोर सुनकर सास राजो देवी, ननद पूजा और पति निखिल बचाने पहुंचे। आरोपियों ने उन लोगों पर भी हमला कर दिया। निखिल के सिर पर बांका से वार कर लहूलुहान कर दिया गया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने छत से उनके घर में ईट पत्थर पर फेंके। जिससे घर में मौजूद दो वर्षीय बच्ची घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया। बताया कि गुरुवार रात आरोपियों ने घर मे घुसकर उनकी ननद के साथ बदसलूकी की थी। विरोध करने पर मारपीट हुई थी। आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इस बात से आरोपी उनसे रंजिश मानने लगे और अगले दिन फिर हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की। कोतवाल अरुन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।