Bareilly: सीएमओ कार्यालय में मरीज ने हंगामा किया

मरीज का विरोध, स्वास्थ्य केंद्र में दहशत

Update: 2026-02-05 11:17 GMT

बरेली: युवक का गलत ऑपरेशन कर जान संकट मे डालने वाले झोलाछाप को सीएमओ कार्यालय मे घूमता देख लोग भड़क गए। अधिकारियों पर झोलाछाप को बचाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मरीज सीएमओ ऑफिस गेट के सामने जमीन पर लेट गया। हंगामा बढ़ा तो तत्काल पुलिस बुलाकर मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बारादरी के डोहरा गौटिया निवासी शिशुपाल ने आरोप लगाया कि उसके बेटे अजय का पीलीभीत बाईपास स्थित प्रथ्वी फार्मा क्लीनिक पर झोलाछाप जय वीर ने गलत ऑपरेशन कर दिया है।

जयवीर ने पेशाब की जगह मे पानी भरने की बात बताई और उसका ऑपरेशन कर दिया था। जबकि उसे आंत मे बीमारी थी। गलत ऑपरेशन की वजह से अब उसे लगातार रक्तस्राव हो रहा है और वह चलफिर भी नही पा रहा है। झोलाछाप जयवीर के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नही हुई है। बुधवार को नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने मरीज के परिजनों को बयान के लिए बुलाया था।

वहां पहले से मौजूद झोलाछाप को नोडल अधिकारी के कार्यालय के पास खड़ा देखते ही मरीज के घरवाले भड़क गए। आरोप लगाया की उसे जानबूझकर बचाया जा रहा है और उसकी क्लीनिक सील करने के बाद नोडल अधिकारी की तरफ से कोई मुकदमा दर्ज नही कराया गया।

Tags:    

Similar News