Bareilly: हंगामे की आशंका पर मौलाना तौकीर और साथी हाउस अरेस्ट, पुलिस तैनात

Update: 2025-06-16 10:13 GMT

बरेली: आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने रविवार को गिरफ्तारी देने की कोशिश की लेकिन फोर्स तैनात होने की वजह से वह सौदागरान स्थित घर से बाहर ही नहीं निकल सके। इस पर वह भड़क गए और कहा कि देश के हालात बेहद खराब हैं। गिरफ्तारी की मुहिम देश भर में जारी रहेगी। गिरफ्तारी का सिलसिला तब तक चलेगा जब तक ये तमाम बेमानी रुकेंगी नहीं। हालांकि आईएमसी के अन्य पदाधिकारी अपनी गिरफ्तारी देने के लिए दामोदर पार्क पहुंच गए। वहां पर उन्होंने ज्ञापन देकर जमकर नारेबाजी की। मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार को एलान किया था कि मुसलमानों पर अत्याचार किया जा रहा है। जिसके विरोध में वह अपने 10 साथियों के साथ रविवार को सेठ दामोदर स्वरूप पार्क पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे।

इसको लेकर शनिवार रात से ही मौलाना और उनके पार्टी के नेताओं के घरों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात करके नजरबंद कर दिया गया था। रविवार सुबह से बिहारीपुर से लेकर मोहल्ला सौदागरान तक पुलिस, पीएसी, आरएएफ और अधिकारियों ने डेरा डालना शुरू कर दिया। दोपहर 12 बजे के बाद मौलाना तौकीर के घर पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई। काफी देर मौलाना के साथ बंद कमरे में बातचीत का सिलसिला चला। दोपहर डेढ़ बजे मौलाना जब अपने घर से गिरफ्तारी देने के लिए निकले तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तौकीर रजा खां ने कहा कि देश के हालात बेहद खराब हैं। कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का काम पुलिस और शासन कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस भले ही मुझे रोक ले, लेकिन मेरे साथ के लोग गिरफ्तारी का सिलसिला जारी रखेंगे।

यह गिरफ्तारी तब तक होगी जब तक तमाम बेइमानी नहीं रुकेंगी। मौलाना ने कहा कि पहले में 11 लोगों के साथ गिरफ्तारी देने जा रहा था, लेकिन पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। अब सोमवार को 72, मंगलवार को 313, उसके बाद 917 और अंत मे पूरे देश मे गिरफ्तारी दी जाएगी। यह आंदोलन अब थमने वाला नही है। उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को सुधारने की बजाय पुलिस खुद उसे बिगाड़ने का काम कर रही है।

Tags:    

Similar News