Bareilly: ICT और AI वर्कशॉप का समापन, बच्चों ने तकनीकी शिक्षा प्राप्त की

Update: 2026-03-12 09:42 GMT

बरेली: ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत बिचपुरी गांव में आयोजित “उड़ान: फ्री आईसीटी वर्कशॉप” का सफल समापन हो गया। यह दस दिवसीय उड़ान नि:शुल्क आईसीटी एवं एआई कार्यशाला राज्य पुरस्कृत शिक्षक एवं राज्य आईसीटी पुरस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा और उनके परिजनों के सहयोग से आयोजित की गई।कार्यशाला के दौरान गांव के बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एमएस वर्ड, एक्सेल तथा चैट जीपीटी जैसे आधुनिक डिजिटल टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों ने स्वयं कंप्यूटर और विभिन्न आईसीटी टूल्स का प्रयोग कर तकनीक को समझा और डिजिटल कौशल विकसित किए। इस कार्यशाला में डॉ. अमित शर्मा, शुभ्रा शर्मा, डॉ. अजय शर्मा, शिखा, वैष्णवी और प्रज्ञन्य ने बच्चों को सरल और रोचक तरीके से प्रशिक्षण दिया।

उन्होंने बच्चों को बताया कि आज के समय में आईसीटी और एआई का ज्ञान शिक्षा, शोध और भविष्य के रोजगार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्राम वासी नरेश, रामकुमार, कृष्णा, शिवम्, अभिषेक, हिमांशु, आदित्य, रोशनी, अजय, विजय, ऐश्वर्या, पारुल, अंशिका, दीपक, शिवानी, आकाश, विकास आदि ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। कार्यशाला के समापन अवसर पर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी तकनीक से जोड़ना समय की आवश्यकता है और ऐसी पहल आगे भी जारी रखी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चे डिजिटल और तकनीकी रूप से सशक्त बन सकें।

Tags:    

Similar News