Bareilly: पत्नी के चरित्र पर संदेह में पति ने काटी नाक

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Update: 2025-06-28 08:49 GMT

बरेली: बारादरी थाना क्षेत्र के संजयनगर में गुरुवार देर रात एक शराबी पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। चरित्र पर संदेह के चलते उसने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी नाक काट डाली। गंभीर रूप से घायल महिला को उसकी बेटियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

घटना संजयनगर निवासी 35 वर्षीय भारती के साथ घटी, जो बीते सात महीने से अपने पति ओमप्रकाश से अलग होकर पांच बेटियों के साथ किराए के मकान में रह रही थी। भारती ने बताया कि ओमप्रकाश शराब का आदी है और अक्सर मारपीट करता था। इसी कारण उसने अलग रहने का फैसला किया था।

गुरुवार की रात ओमप्रकाश अचानक भारती के घर पहुंचा और विवाद करने लगा। देखते ही देखते उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे भारती की नाक कट गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

घायल अवस्था में बेटियों ने मां को जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। क्राइम इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति द्वारा चरित्र पर संदेह करने की बात सामने आई है। पीड़िता की ओर से तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News