Bareilly: पाकिस्तानी महिला पर धोखाधड़ी का केस, फर्जी दस्तावेज से ले रही थी राशन

फर्जी राशन व आधार कार्ड भी बनवाया

Update: 2025-06-14 09:39 GMT

बरेली: जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र मे दीर्घकालिक वीजा पर रह रही पाकिस्तानी महिला ने खुद को परिवार की मुखिया दर्शाकर फर्जी राशन कार्ड बनवा लिया और उस राशनकार्ड से राशन भी ले रही थी। महिला का फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया गया है। इसका खुलासा होने पर पुलिस ने पाकिस्तानी महिला के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने महिला की निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया लेकिन पूछताछ के बाद नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया। एसआई सौरभ तोमर ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर शुरू किए गए रोहिंग्या और बांग्लादेशी तलाशी अभियान मे पता चला कि बारादरी थाना क्षेत्र में सूफी टोला में मकान नंबर 233 में पाकिस्तानी महिला फरहत सुल्ताना दीर्घकालिक वीजा पर रह रही है।

उसने धोखाधड़ी करके यहां के पता पर अपना आधार कार्ड और राशन कार्ड बनवा लिया है। फरहत ने राशन कार्ड में खुद को परिवार का मुखिया दर्शाया है। नियमानुसार कोई भी विदेशी व्यक्ति बिना नागरिकता के आधार कार्ड या राशन कार्ड नहीं बनवा सकता है। फरहत की धोखाधड़ी के कारण उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार करके पूछताछ की, तब उसने सारा सच्चाई बताई। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के बाद नोटिस तामील कराने के बाद छोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार फरहत सुल्ताना अपनी मां अंजुम के साथ वर्ष 1961 में अटारी बार्डर से ट्रेन के माध्यम से भारत पहुंची थी। उस वक्त उसकी उम्र मात्र आठ वर्ष थी। तब से अब तक वह यहां ही रह रही है। मां के साथ उसकी बहन निकहत आई थी। बारादरी के मोहल्ला सूफी टोला में उसका ननिहाल है। कुछ दिन रहने के बाद उसकी मां सुल्ताना अंजुम और बहन निकहत पाकिस्तान चली गई। जबकि वह अपने नाना के पास रुक गई।

Tags:    

Similar News