Bareilly: मुठभेड़ में पकड़ा गया जरी कारीगर हत्या का आरोपी

12 घंटे की तेज़ कार्रवाई

Update: 2025-06-02 07:21 GMT

बरेली: जरी कारीगर के मुख्य हत्यारोपी को बारादरी पुलिस ने वारदात के 12 घंटे के अंदर ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके पैर में गोली भी लगी है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी से तमंचा और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने रविवार को जरी कारीगर हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2.30 बजे कांकरटोला भटियारों वाली मस्जिद के पास रहने वाले जरी कारीगर अरशद उर्फ गुड्डू की हत्या आमिर ने चाकू से गोदकर कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस को देर रात सूचना मिली कि आमिर पीलीभीत रोड पर 99 बीघा के पास आला कत्ल छिपाने गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हत्यारोपी आमिर पुलिस गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से अरशद की हत्या में प्रयुक्त चाकू और तमंचा बरामद किया है।

प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने आरोपी आमिर को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपी आमिर ने पूछताछ मे बताया कि वह रामपुर जिले के शाहबाद का रहने वाला है। अरशद ने उसके बेटे फरमान को जरी का काम सिखाया था। इसी बहाने अरशद उसके घर आने-जाने लगा और उसकी पत्नी से फोन पर बातें करने लगा। शक होने पर उसने व उसके बच्चों ने अरशद को मना किया लेकिन नहीं माना। आमिर ने बताया कि उसे शक है कि उसकी पत्नी के अरशद से संबंध थे। इसे लेकर उसके बेटे भी ताने मारते थे। जब वह घर पर नही होता था, तब अरशद उसके घर पर आता जाता था। समझाने के बाद भी अरशद नही माना। इस पर परेशान होकर उसकी हत्या कर दी।

Tags:    

Similar News