Ballia: दोस्त के घर जाने के बाद युवक लापता, परिजनों को अपहरण की आशंका

अपहरण की आशंका से परिजन परेशान

Update: 2025-07-01 07:20 GMT

बलिया: दोकटी थाना क्षेत्र के श्रीपतिपुर गांव का एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। 22 वर्षीय पप्पू साहनी बीते 28 जून को गांव के ही शिवनाथ साहनी के निमंत्रण पर उसके घर भोजन करने गए थे, लेकिन उसके बाद से वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

लापता युवक के भाई संजय साहनी ने दोकटी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शिवनाथ साहनी उनके घर आकर पप्पू को अपनी मोटरसाइकिल से ले गया था। लेकिन पप्पू न तो वापस आए और न ही उनका कोई पता चल पाया है। परिजनों ने रिश्तेदारी व संभावित ठिकानों पर खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं लगा।

संजय का आरोप है कि किसी रंजिश के चलते उनके भाई का अपहरण किया गया है। उन्होंने पप्पू की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है और शीघ्र बरामदगी की मांग की है।

इस संबंध में हल्का प्रभारी उप निरीक्षक पवन निगम ने बताया कि युवक की गुमशुदगी की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Tags:    

Similar News