Ballia: गड्ढे में भरे पानी ने ली मासूम की जान, 6 साल का बच्चा डूबा
"परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़":
बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठा परिसर में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम सागर कुमार की मौत हो गई। खेलते समय वह पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गया था। बच्चे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
मूल रूप से झारखंड के धर्मपुर नौगिया गांव निवासी शत्रुघ्न चैटा परिवार समेत बकुल्हा क्षेत्र के दियारे स्थित ईंट भट्ठा पर मजदूरी करने आया है। घटना के समय शत्रुघ्न और उसकी पत्नी ईंट पाथने के काम में व्यस्त थे, जबकि उनका इकलौता बेटा सागर पास में खेल रहा था।
भोजन के समय जब परिजनों ने सागर को आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। थोड़ी ही देर में उसका शव भट्ठे के पास पानी भरे एक गड्ढे में उतराया मिला। आनन-फानन में मजदूरों की मदद से उसे सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे ने भट्ठे पर काम कर रहे अन्य मजदूरों को भी झकझोर दिया। सागर की मौत ने मजदूरी कर पेट पालने वाले परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।