Ballia: शिक्षकों ने दिवंगत रसोइया मुन्नी देवी के परिवार को आर्थिक सहायता दी
"इस दौरान वहां मौजूद शिक्षकों की आंखें नम हो गईं"
बलिया: शिक्षा क्षेत्र बेलहरी के कम्पोजिट विद्यालय बजरहा में कार्यरत रसोइया मुन्नी देवी के असामयिक निधन पर शिक्षकों ने उनके परिवार को ₹46,550 की आर्थिक सहायता प्रदान की। शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी राजीव गंगवार के हाथों यह सहायता राशि उनकी बेटी नेहा पटेल और नाबालिग बेटे विक्की पटेल को सौंपी गई। इस दौरान वहां मौजूद शिक्षकों की आंखें नम हो गईं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: मुन्नी देवी के पति गुड्डू पटेल का निधन करीब सात साल पहले हो गया था। इसके बाद उन्होंने अकेले ही अपने बेटे और बेटी की परवरिश की और बड़ी बेटी की शादी भी करवाई। वर्तमान में उनका इकलौता बेटा 12वीं की परीक्षा दे रहा है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी निभा रही मुन्नी देवी भी अब असमय काल के गाल में समा गईं, जिससे उनके बच्चों के सामने कठिनाइयों का पहाड़ टूट पड़ा।
शिक्षकों ने बढ़ाया मदद का हाथ: प्राथमिक शिक्षक संघ बेलहरी ने इस दुखद घटना के बाद निर्णय लिया कि बेसिक शिक्षा परिवार में सबसे कम मानदेय पर कार्य करने वाली रसोइयों का जीवन अत्यंत संघर्षमय होता है। इसी भावना के साथ शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोइये, एआरपी और कार्यालय सहायकों ने मिलकर धनराशि एकत्र की, जिसे मुन्नी देवी के बच्चों को सौंपा गया।
इसके अलावा शिक्षकों ने हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ बेलहरी के अध्यक्ष शशिकांत ओझा, मंत्री संतोष कुमार सिंह, प्रधान वीरबहादुर ओझा, अखिलेश ओझा, अजय पांडेय, शिवप्रकाश तिवारी, राकेश तिवारी, राजीव दूबे, प्रवीण यादव, जतीन सांकिर्तयन और लालजी समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।