बलिया: पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत भीमपुरा थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है, साथ ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी को एक अज्ञात युवक शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में धारा 137(2), 87, 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

शनिवार को थानाध्यक्ष मदन पटेल, उपनिरीक्षक मोहम्मद वहीद, कांस्टेबल घनश्याम यादव और महिला कांस्टेबल पूजा यादव गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाजीपुर जनपद के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सिधागर घाट निवासी आकाश साहनी पुत्र बुद्धु साहनी को भीमपुरा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत लड़की को भी बरामद कर नियमानुसार परिजनों को सौंप दिया गया।

विवेचना के दौरान पीड़िता के न्यायालय में दिए गए बयान के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। अब आरोपी के खिलाफ धारा 65(1) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 भी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Tags: