Ballia: मारपीट में घायल वृद्धा की मौत

"चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज"

Update: 2025-05-15 05:46 GMT

बलिया: जनपद के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के बर्रेबोझ गांव में मारपीट में घायल हुई वृद्धा की मंगलवार शाम मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पीड़ित पक्ष की कविता सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कविता सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे वह अपने दरवाजे पर बैठी थीं, तभी उनके पट्टीदारों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी सास रिखीमुनी सिंह (61) को भी बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रसड़ा में भर्ती कराया गया। मंगलवार को रिखीमुनी सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ने पर दोबारा सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उपनिरीक्षक रमाशंकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tags:    

Similar News