Ballia: बदमाशों ने तेरही से लौटते युवक को उतारा मौत के घाट

Update: 2025-06-27 09:03 GMT

बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के टोला शिवनराय निवासी गोलू यादव की बीती रात तेरही कार्यक्रम से लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। धारदार हथियार से की गई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और मातहतों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलू यादव पुत्र हरेंद्र यादव किसी परिचित की तेरही में शामिल होकर रात करीब 1 बजे घर लौट रहा था। उसी दौरान NH-31 के पास रास्ते में कुछ बदमाशों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है।

एसपी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से कुछ आरोपियों की पहचान हो चुकी है, अन्य की पहचान के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

गांव में शोक और आक्रोश

गोलू यादव की नृशंस हत्या से गांव में मातम पसरा है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला। पुलिस बल गांव में तैनात है और लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। फिलहाल कानून व्यवस्था नियंत्रण में है।

एसपी ने क्या कहा?

एसपी ओमवीर सिंह ने बताया, "घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस टीम तेजी से जांच कर रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

Tags:    

Similar News