Ballia: ग्राम प्रधान और सचिव पर वित्तीय गड़बड़ी का आरोप

डीएम ने बनाई जांच समिति

Update: 2025-06-04 10:05 GMT

बलिया: मुरलीछपरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सोनबरसा में वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं। गांव के भगवानपुर और रामनगर के रहने वाले पवन कुमार यादव और कौशल कुमार सिंह "गुड्डू" की शिकायत पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने जांच समिति का गठन कर दिया है। शिकायतकर्ताओं को प्रशासन ने इस संबंध में पत्र भेजकर अवगत भी कराया है।

शिकायतकर्ताओं ने शपथ-पत्र के साथ भेजे गए अलग-अलग प्रार्थना पत्रों में आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान और सचिव ने मिलकर पंचायत में लगभग 150 फर्जी विकास कार्य दिखाकर करोड़ों रुपये का गबन किया है। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में 61 पृष्ठों की विस्तृत सूची और संबंधित कार्यों की फोटो भी साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 17 मई 2025 को जिलाधिकारी ने जांच समिति गठित की, जिसकी अध्यक्षता जिला प्रोबेशन अधिकारी बलिया को सौंपी गई है। समिति को निर्देश दिया गया है कि वह सभी तथ्यों की गहराई से जांच कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

जांच समिति गठन की सूचना जिला पंचायत राज अधिकारी बलिया द्वारा संबंधित शिकायतकर्ताओं को पत्राचार के माध्यम से भेज दी गई है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Tags:    

Similar News