Ballia: सरयू नदी में स्नान करते समय चार किशोरियां डूबीं

एनडीआरएफ टीम जुटी तलाश में

Update: 2025-06-11 06:13 GMT

बलिया: मनियर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम पट्टी गांव में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब सरयू नदी में स्नान कर रही चार किशोरियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों और मजदूरों की तत्परता से तीन किशोरियों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन एक किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। उसकी तलाश में एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गांव की मंशा (14), पिंकी (15), अंशा (14) और हिमांशु यादव (15) सुबह करीब 7:30 बजे सरयू नदी में नहाने गई थीं। स्नान के दौरान सभी किशोरियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। यह देख नदी किनारे काम कर रहे मजदूर और अन्य स्नान कर रहे लोग तुरंत मदद को दौड़े। उन्होंने तीन किशोरियों को किसी तरह बचा लिया, लेकिन हिमांशु यादव पुत्री शैलेंद्र यादव को नहीं बचाया जा सका।

हिमांशु की तलाश के लिए स्थानीय मछुवारों के साथ-साथ वाराणसी से आई एनडीआरएफ की टीम भी जुटी हुई है। टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक रामाज्ञा शुक्ला कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही किशोरियों के परिजनों में कोहराम मच गया। हिमांशु के घर पर मातम पसरा हुआ है। मां-बाप की चीखें सुनकर वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। तीनों किशोरियां – मंशा, पिंकी और अंशा – गर्मी की छुट्टियों में रिश्तेदारी में प्रीति यादव के यहां आई थीं।

घटनास्थल पर तहसीलदार सिकंदरपुर प्रवीण सिंह, नायब तहसीलदार सीपी यादव और थाना प्रभारी मनियर रत्नेश कुमार दुबे भी पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि लापता किशोरी की तलाश लगातार जारी है और एनडीआरएफ की टीम को इसमें लगाया गया है।

Tags:    

Similar News