बलिया: रेवती थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देख बाइक सवार संदिग्ध भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना रेवती थाना क्षेत्र के देवपुर रेगुलेटर के पास की है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह मुड़िकटवा पुल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की गोली से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गो-हत्या का आरोपी, चोरी की बाइक से था फरार
पूछताछ में आरोपी की पहचान करम्मरपुर (थाना खेजुरी) निवासी विशाल यादव उर्फ नेता यादव के रूप में हुई है। वह रेवती थाने में दर्ज गो-हत्या के मुकदमे में वांछित है। पूछताछ में उसने बताया कि जिस बाइक से वह भाग रहा था, वह चोरी की है और वह उसे लेकर बिहार भागने की फिराक में था।
तमंचा और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है।
एएसपी दक्षिणी ने दी जानकारी
एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर सिंह ने बताया कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए रेवती पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देख भागने लगा और फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर पहले से गंभीर मुकदमा दर्ज है और उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।