Ballia: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ने 2027 चुनाव को लेकर दिए बड़े संकेत

"यूपी सरकार पर साधा निशाना"

Update: 2025-03-26 04:25 GMT

बलिया: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री व प्रदेश प्रभारी राजेश तिवारी ने मंगलवार को हालपुर में प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार धर्म के नाम पर आडंबर कर आम जनता को गुमराह कर रही है। प्रदेश में प्रतिदिन लूट, हत्या, डकैती जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार का अपराध पर कोई नियंत्रण नहीं है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजेश तिवारी ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में अपराध चरम पर है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाकुंभ में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं में भी व्यापक भ्रष्टाचार व्याप्त है।

2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा संकेत

पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा के कारण ही लोकसभा चुनाव में गठबंधन को बड़ी सफलता मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी। कांग्रेस पार्टी सभी जिला कमेटियों को मजबूत कर रही है और प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर गठबंधन होता है तो कांग्रेस आधी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

शोक संवेदना व्यक्त की

राजेश तिवारी ने इस दौरान राघवेन्द्र प्रताप सिंह के पिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक, गाजीपुर जिलाध्यक्ष सुनील राम, पूर्व जिलाध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी, प्रभात सिंह, बृजेश सिंह गाट, ओमप्रकाश तिवारी, सिद्धनाथ तिवारी, पारस वर्मा, रूपेश चौबे, सुनील सिंह, संतोष गोयल आदि मौजूद थे।

Tags:    

Similar News