बलिया: हल्दी थाना क्षेत्र के हुकुम छपरा गंगा घाट पर मुण्डन संस्कार के दौरान गंगा में डूबे युवक योगेन्द्र यादव का शव घटना के 24 घंटे बाद मंगलवार को बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, और हर आंख नम हो गई।

सोमवार को रेवती थाना क्षेत्र के लमही गांव निवासी देवनाथ यादव के घर से मुण्डन संस्कार के लिए हुकुम छपरा घाट पर आयोजन हुआ था। इसी समारोह में शामिल होने पहुंचे योगेन्द्र यादव (18 वर्ष), पुत्र देवनाथ यादव, स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए।

स्थानीय मल्लाहों द्वारा काफी प्रयास के बावजूद योगेन्द्र का कोई सुराग नहीं मिल सका। लेकिन मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे उनका शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर गंगा घाट पर उतराया हुआ मिला।

हल्दी थानाध्यक्ष विश्वदीप सिंह ने बताया कि शव को पंचनामा की कार्यवाही के बाद परिजनों की मांग पर सौंप दिया गया। अचानक हुई इस त्रासदी से परिवार और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

Tags: