बलिया: मिश्रचक गांव में एक युवक का शव मकान के पीछे खेत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बिहार के छपरा जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के महाजी गांव निवासी 49 वर्षीय जय नाथ महतो के रूप में हुई है। वह अपने चचेरे भाई भीम महतो के साथ मिश्रचक में बाबा सम्राट के मकान में किराए पर रहते थे। दोनों भाई गांवों में घूम-घूमकर दाल और भुजा बेचने का काम करते थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार रात दोनों भाई रोज की तरह छत पर सोने गए थे। रात के समय जब भीम महतो की नींद खुली, तो उसने देखा कि जय नाथ छत पर नहीं है। काफी खोजबीन के बाद वह नीचे उतरा, तो मकान के पीछे खेत में जय नाथ का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत मकान मालिक व ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हालांकि जय नाथ की मौत के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। इस बारे में सिकंदरपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मौत संभवतः छत से गिरने के कारण हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।